हाथरस में 21 और 28 नवंबर को लगेंगी विशेष लोक अदालतें

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में 21 और 28 नवंबर को लगेंगी विशेष लोक अदालतें


हाथरस, 20 नवंबर (हि.स.)। जनपद के न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई है। 21 और 28 नवंबर को विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। इनमें आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित वादों का निस्तारण कराया जाएगा। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के मार्गदर्शन में इन विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि 21 नवंबर को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत चेक बाउंस से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत लगेगी। वहीं 28 नवंबर को मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित लंबित वादों और यातायात चालानों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों लोक अदालतें जनपद न्यायालय परिसर हाथरस के अलावा बाह्य न्यायालय सादाबाद और सिकंदराराऊ में भी आयोजित होंगी। इससे संबंधित क्षेत्रों के वादकारियों को अपने मामलों के निस्तारण के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी।

सचिव अनु चौधरी ने बताया कि लोक अदालत में आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर विवादों का निस्तारण कराया जाता है। इसमें किसी भी पक्ष की हार या जीत नहीं होती, बल्कि दोनों पक्षों की सहमति से विवाद समाप्त कराया जाता है। लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है तथा इसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं है।

लोक अदालत की खास बात यह है कि इसमें किसी प्रकार का कोर्ट फीस शुल्क नहीं देना पड़ता। यदि किसी मामले में पहले कोर्ट फीस जमा की गई है तो नियमानुसार उसकी वापसी का भी प्रावधान है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं संबंधित विभागों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराएं और विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story