उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा का कमल तीसरी बार खिलेगा : पंकज चौधरी
मुरादाबाद, 03 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा का कमल तीसरी बार खिलेगा और प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। यह बातें भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने शनिवार को मुरादाबाद में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह द्वारा किए गए स्वागत अभिनंदन के दौरान कही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीते 31 दिसम्बर को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से सड़क मार्ग द्वारा उत्तराखंड के लिए गए थे और तीन दिन प्रवास के बाद आज वह उत्तराखंड से लखनऊ के लिए लौट रहे थे। दोपहर में प्रदेश अध्यक्ष मुरादाबाद जनपद की कुंदरकी विधानसभा के मूंढापांडे स्थित पराग फैक्ट्री के पास पहुंचे तो कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने उनका कुंदरकी विधानसभा में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भयंकर ठंड में हजारों कार्यकर्ताओं का अपार जनसमूह देख कर में कह सकता हुं कि 2027 में भारी बहुमत से पुनः विजय मिलेगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता का हित सर्वोपरि है। अगर पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता का कहीं पर भी अहित होता है तो यह प्रदेश अध्यक्ष सबसे आगे खड़ा मिलेगा।
वहीं कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि हमारा सौभाग्य है पूरे जिले में कुंदरकी विधानसभा को सबसे पहले प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत का अवसर प्राप्त हुआ है। इतनी ठंड होने के बाद भी हजारों कार्यकर्ता यहां सिर्फ कल रात्रि की गई सूचना पर एकत्र हुए। आप लोगों के इस प्यार और स्नेह का कर्ज में कभी नहीं चुका सकता। आपको विश्वास दिलाता हूं कि विधानसभा के विकास के लिए और आप लोगों की खुशहाली के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करता रहूंगा।
इस मौके पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व सांसद वीर सिंह,ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे डॉ नवदीप यादव, महेंद्र सिंह बब्बू, गुलाम जिलानी, मंडल अध्यक्ष संजय कश्यप, बबलू जाटव, नीरज चंद्रा, महेंद्र सैनी, चिराग अली, रोहित सिंह, जय सिंह, नूरी मौलाना, ज्ञानस्वरूप भटनागर, दिनेश ठाकुर, रंजीत सिंह, सोनू रस्तौगी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

