जौनपुर : कुएं में पंपिंग सेट का पंखा गिरने से दो लोगों की मौत, मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
जौनपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के सोसापट्टी गांव में शनिवार शाम पंपिंग सेट की मरम्मत के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं में मरम्मत कर रहे मिस्त्री और उसकी मदद कर रहे युवक के ऊपर पंपिंग सेट का पंखा गिर गया। दोनों उसके नीचे दब गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मिस्त्री कन्हैया लाल चौहान (50) और गांव निवासी वीरेंद्र के पुत्र शिवबालक (24) के रूप में हुई है। घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे की है। वीरेंद्र के पंपिंग सेट में खराबी आ गई थी। उसे ठीक करने के लिए मिस्त्री कन्हैया लाल चौहान कुएं में उतरे थे। उनकी मदद के लिए शिवबालक भी कुएं में चला गया। इसी दौरान ऊपर से पंपिंग सेट का पंखा अचानक दोनों के ऊपर गिर पड़ा। दोनों उसके नीचे दब गए और बाहर नहीं निकल सके।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

