मीरजापुर में 16वां विंध्य कजली महोत्सव 19 से शुरू
मीरजापुर, 07 सितंबर (हि.स.)। विलुप्त हो रही विंध्य की पारंपरिक कजली को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल के तहत 19 सितंबर को शहर में 16वां विंध्य कजली महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कलाकार मंच ट्रस्ट की बैठक में सोमवार को महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई।
ट्रस्ट के सचिव शिवलाल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि महोत्सव शाम छह बजे शुक्लहा कचहरी रोड स्थित अहिल्या बाई होल्कर पार्क के प्रांगण में आयोजित होगा। इसमें मीरजापुर के साथ देश और प्रदेश के कलाकार कजली की विभिन्न विधाओं की प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों के अनुसार दुनमुनिया शायरी, चौलर, दोलर, ककहरा, बंदिश, अधर, शब्द सोखन और नालबंद जैसी पारंपरिक गायन एवं नृत्य विधाओं को मंच देकर उन्हें जीवंत रखने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही इन लोक विधाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
बैठक में सूफिया बेगम, कीर्ति सिंह, जय सिंह पाल एडवोकेट, श्याम गोपाल प्रजापति और विजय शंकर प्रजापति सभासद सहित अन्य कलाकार मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

