उप्र के 15 सर्वोदय विद्यालयों में 1.5 करोड़ रुपये से बढ़ेंगी अवस्थापना सुविधाएं
लखनऊ, 15 सितंबर (हि.स.)। राज्य सरकार समाज कल्याण विभाग से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वाेदय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विश्वस्तरीय आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के 15 सर्वोदय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए 1.5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस योजना से बरेली, कौशाम्बी, अयोध्या, ललितपुर, हरदोई, आजमगढ़, बलिया, प्रयागराज, इटावा, फर्रूखाबाद, बांदा, चित्रकूट, जालौन और रायबरेली जनपदों के सर्वोदय विद्यालय लाभान्वित होंगे।
स्वीकृत धनराशि से इन विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे वहां पढ़ रहे विद्यार्थियों को एक सुरक्षित, आधुनिक और सुदृढ़ शैक्षणिक माहौल मिल सके। इसके अंतर्गत हॉस्टल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्मार्ट क्लासरूम व प्रयोगशालाओं के रख-रखाव, मरम्मत कार्य, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाओं और खेल परिसर के जीर्णोद्धार जैसे विभिन्न कार्य कराए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार करना है। आने वाले समय में इन विद्यालयों में तकनीक और आधुनिक सुविधाओं का समन्वय और अधिक मजबूत किया जाएगा ताकि यहां के छात्र हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकें।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

