ड्रमंडगंज घाटी हादसे में 11 की मौत, एक परिवार के छह शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
ड्रमंडगंज घाटी हादसे में 11 की मौत, एक परिवार के छह शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम


ड्रमंडगंज घाटी हादसे में 11 की मौत, एक परिवार के छह शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम


मीरजापुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास बुधवार रात करीब आठ बजे हुए भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार आठ लोग जिंदा जल गए, जबकि ट्रक चालक, खलासी और कार चालक की भी मौत हो गई।

बताया गया कि मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहे ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले कंटेनर और फिर बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो डिवाइडर से टकराकर आग की चपेट में आ गई। इसके बाद ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मार दी, जिससे कार चालक जय प्रकाश (28) निवासी भटियागांव की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में मृतकों में प्रियंका सिंह (42) पत्नी कमलेश सिंह निवासी सतना, कार्तिकेय सिंह (18), पियूष सिंह (15), पंकज सिंह (40), बीना सिंह (47), वंदना सिंह (43), शिवा सिंह (48), सोनम सिंह (19), विष्णु सिंह (45), विकास शर्मा (32) व जय प्रकाश (28) शामिल हैं।

ड्रमंडगंज थानाध्यक्ष भरत सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रक का ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ है। मृतकों की शिनाख्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मैहर से लौटते वक्त उजड़ गया परिवार

जिगना थाना क्षेत्र के नरैना गांव निवासी पंकज सिंह अपने परिवार के साथ मैहर में मुंडन संस्कार कराने गए थे। वापसी के दौरान ड्रमंडगंज घाटी में यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया कि रामपुर हंसवार निवासी सगुन सिंह की बोलेरो भाड़े पर लेकर सभी लोग गए थे, जिसे विष्णु सिंह चला रहा था। गुरुवार को जब नरैना गांव में एक ही परिवार के छह शव पहुंचे तो कोहराम मच गया। घर-घर मातम पसरा रहा और परिजन के रुदन से माहौल गमगीन हो उठा। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम नजर आई।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story