कानपुर : दो कार्टन और बैग में मिलीं 9.986 किलो चांदी की सिल्लियां, पुलिस कर रही मालिक की तलाश
कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में फीलखाना थाना पुलिस ने लावारिस अवस्था में मिले दो कार्टन और एक बैग से करीब 9.986 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की हैं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बरामद माल को कब्जे में लेकर उसके वास्तविक स्वामी का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि 31 जुलाई की देर रात गीता मंदिर के पास दो लावारिस कार्टन और एक बैग पड़े होने की सूचना फीलखाना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस सामान को सुरक्षित थाने ले आई। काफी देर तक आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बावजूद जब कोई दावेदार सामने नहीं आया तो शनिवार को एसीपी कोतवाली की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराकर सामान खोला गया।
उन्होंने बताया कि कार्टन और बैग के अंदर से चांदी की नौ सिल्लियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 9.986 किलोग्राम निकला। जांच में यह चांदी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये है। बरामद माल को नियमानुसार सील कर सुरक्षित रखा गया है तथा चांदी को राजकीय कोषागार में जमा कराने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरामद सामान के वास्तविक स्वामी का पता लगाने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

