रक्त केंद्रों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान शुरू, 07 रक्त केन्द्रों पर हुई कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
रक्त केंद्रों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान शुरू, 07 रक्त केन्द्रों पर हुई कार्रवाई


लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने रक्त केंद्रों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान शुरू किया है। एफएसडीए आयुक्त के निर्देश पर निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के उद्देश्य से प्रदेश के 10 जनपदों में चैरिटेबल ट्रस्ट और सोसाइटी द्वारा संचालित 40 रक्त केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। यूपीएफएसडीए आयुक्त डॉ रोशन जैकब के अनुसार जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर सात रक्त केंद्रों में रक्त एवं रक्त घटकों से संबंधित गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है, जबकि अन्य केंद्रों में मिली कमियों के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

लखनऊ में सबसे अधिक 13 रक्त केंद्रों का निरीक्षण

विशेष अभियान के तहत लखनऊ में 13 रक्त केंद्रों की जांच की गई। इसके अलावा आगरा में पांच, मुजफ्फरनगर में चार, बिजनौर में चार, कानपुर में पांच, अलीगढ़ में तीन, गाजियाबाद और वाराणसी में दो-दो तथा गोरखपुर और प्रयागराज में एक-एक रक्त केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रक्त केंद्रों में अनिवार्य परीक्षणों, रक्तदाताओं एवं रक्त प्राप्तकर्ताओं के अभिलेखों, तापमान नियंत्रण व्यवस्था, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस की वैधता और आवश्यक चिकित्सा एवं तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता की जांच की गई।

इन सात रक्त केंद्रों के संचालन पर लगाई गई रोक

गंभीर अनियमितताओं के आधार पर श्री बालाजी चैरिटेबल ब्लड सेंटर, आगरा,न्यू बापू रक्त सेंटर, अलीगढ़ख, मानया चैरिटेबल ब्लड सेंटर, गोरखपुर, अनुभव चैरिटेबल ब्लड सेंटर, लखीमपुर खीरी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है।

इसके अलावा लखनऊ के लिटल स्टार ब्लड सेंटर, रामा चैरिटेबल ब्लड सेंटर और केएचएस चैरिटेबल ब्लड सेंटर पर कार्रवाई की गयी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story