श्रावस्ती : जमुनहा में पांच गैर मान्यता प्राप्त स्कूल-मदरसे बंद, गेट पर चस्पा किया नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
श्रावस्ती : जमुनहा में पांच गैर मान्यता प्राप्त स्कूल-मदरसे बंद, गेट पर चस्पा किया नोटिस


श्रावस्ती, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जमुनहा विकास क्षेत्र में पांच गैर मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों को बंद करा दिया गया। एसडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम ने संस्थानों का निरीक्षण कर उनके मुख्य गेट पर नोटिस चस्पा किया है। साथ ही संचालकों को दोबारा विद्यालय खोलने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

एसडीएम सिंह ने बताया है बिना मान्यता के संचालित स्कूल और मदरसों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इसके तहत पांच गैर मान्यता प्राप्त स्कूल और मदरसे बंद किए गए हैं। इनमें जमुनहा क्षेत्र के बनकटवा मोहली में श्याम बिहारी पब्लिक शिक्षा समिति, बदलापुर चौराहा स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल, बोहरवा के मदरसा गाजी/फ्यूचर कोचिंग सेंटर, मदरसा सकलेन राजा, बोहरवा और मदरसा जालिमनगर शामिल है।

प्रशासन की यह कार्रवाई जिले में बिना मान्यता के संचालित शिक्षण संस्थानों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई। अभियान के तहत टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित संस्थानों का संचालन बंद कराया। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार जमुनहा विकास राय और खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी संबंधित संचालकों को चेतावनी दी है कि यदि दोबारा विद्यालय या शिक्षण संस्थान संचालित होते पाए गए तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत जिले के अन्य क्षेत्रों में भी गैर मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में ऐसे संस्थानों के संचालकों के बीच हलचल मची हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story