योग वॉक एवं सूर्य नमस्कार मंत्रोच्चार से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर

WhatsApp Channel Join Now
योग वॉक एवं सूर्य नमस्कार मंत्रोच्चार से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर


कानपुर, 20 जून (हि.स.)। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित, स्वस्थ और अनुशासित बनाने की वैज्ञानिक पद्धति है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) एवं छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर की योग ओपीडी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार प्रातः विश्वविद्यालय परिसर में भव्य योग वॉक (योगा वाक) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः आठ बजे विश्वविद्यालय स्थित योग ओपीडी से हुआ।

योग वॉक योग ओपीडी से प्रारंभ होकर विश्वविद्यालय के हृदय स्थल पर स्थापित भगवान नटराज की प्रतिमा तक पहुंची तथा वहां से यू-टर्न लेते हुए रोज गार्डन में संपन्न हुई। संपूर्ण यात्रा के दौरान प्रतिभागियों द्वारा सूर्य नमस्कार के मंत्रों “ॐ मित्राय नमः”, “ॐ रवये नमः” आदि का सामूहिक मंत्रोच्चार किया गया, जिससे वातावरण योगमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठा।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय की योग ओपीडी सेवाओं का अधिकतम लाभ विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों तक पहुंचाया जाना चाहिए तथा छात्र-छात्राओं के लिए नियमित योग जागरूकता एवं योग चिकित्सा परामर्श कार्यक्रम चलाए जाने चाहिए। उन्होंने “नृत्य योग अकादमी” के गठन की दिशा में कार्य करने का भी सुझाव दिया।

डॉ. वंदना पाठक ने योग एवं योग चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में योग जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाएगा।

नीमा के अध्यक्ष डॉ. नीरज दुबे ने योग को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य का आधार बताते हुए इसे जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं डॉ. हेमंत सिंघल एवं डॉ. रितु सिंघल ने भी नीमा की विभिन्न स्वास्थ्य एवं जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी।

रोज गार्डन में आयोजित विशेष सत्र में योग शिक्षिका सोनाली धनवानी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने योग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें निखिल, मालती, अनुराधा एवं शिवम यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नीमा की ओर से केला एवं एनर्जी ड्रिंक (ग्लूकोज) वितरित किए गए। आयोजन में संदीप गुप्ता एवं राकेश का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी, विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, डॉ. दिग्विजय शर्मा, हरीश शर्मा, डॉ. राघवेंद्र चतुर्वेदी, डॉ. राम किशोर, अनिल कुमार यादव सहित विश्वविद्यालय एवं नीमा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story