ब्राह्मण समाज की एकजुटता से ही सम्मान और भागीदारी सुनिश्चित होगी : राजेंद्र नाथ त्रिपाठी

WhatsApp Channel Join Now
ब्राह्मण समाज की एकजुटता से ही सम्मान और भागीदारी सुनिश्चित होगी : राजेंद्र नाथ त्रिपाठी


कानपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। ब्राह्मण समाज को संगठित होकर सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक क्षेत्रों में अपनी भागीदारी मजबूत करनी होगी। समाज की एकजुटता ही उसके सम्मान और अधिकारों को नई दिशा दे सकती है। यह बातें रविवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहीं।

अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की ओर से जवाहर नगर स्थित क्रिस्टल पैलेस में प्रबुद्ध जागरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर जिलाध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य एवं कथावाचक आचार्य योगेश अवस्थी ने किया। समारोह में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाग लेकर संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के लोगों को संगठित होकर शिक्षा, सामाजिक नेतृत्व और जनप्रतिनिधित्व के क्षेत्र में अपनी भूमिका और मजबूत करनी होगी। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसके सम्मान और अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संगठन के विस्तार पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक जिले और नगर स्तर पर सक्रिय इकाइयों के माध्यम से समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि संगठन को पर्याप्त सहयोग मिला तो ब्राह्मण समाज के हितों और सम्मान से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

आचार्य योगेश अवस्थी ने कहा कि महासभा का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के हर परिवार तक पहुंचकर उसे एक सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और सेवा की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज तभी सशक्त होगा, जब युवा, महिलाएं और बुद्धिजीवी वर्ग संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसी उद्देश्य से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के विस्तार के लिए नए पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर धीरज शुक्ला को जिला अध्यक्ष (उत्तर), प्रमोद पांडेय को जिला प्रवक्ता, बृजेंद्र दीक्षित को जिला सचिव, आकाश शुक्ला को जिला महामंत्री, प्रिंसी पांडे को नगर अध्यक्ष (पश्चिम), उषा वाजपेयी को नगर अध्यक्ष (उत्तर) तथा सीमा शुक्ला को नगर अध्यक्ष (दक्षिण) का दायित्व सौंपा गया।

समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन सामाजिक समरसता, शिक्षा, युवाओं के मार्गदर्शन और समाजहित से जुड़े विषयों पर आगे भी सक्रिय रूप से कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में सर्वेश शुक्ला, आलोक पांडेय, पंडित प्रदीप बाजपेयी, मोनू अवस्थी, दिव्या सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story