एकजुटता से ही राजनीति में भागीदारी व समाज को मिलेगा सम्मान: डॉ. सुमन्त गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
एकजुटता से ही राजनीति में भागीदारी व समाज को मिलेगा सम्मान: डॉ. सुमन्त गुप्ता


औरैया, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को श्री गोपाल वाटिका आश्रम, नरायनपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमन्त गुप्ता की। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता तथा अखिल भारतीय पुरवार पोरवाल महासभा के जिलाध्यक्ष शिवकुमार पुरवार मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों के माल्यार्पण एवं स्वागत से हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सुमन्त गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज को राजनीतिक भागीदारी और सम्मान पाने के लिए एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने आगामी चुनावों का उल्लेख करते हुए समाज के लोगों से संख्या बल के साथ एकता का प्रदर्शन करने की अपील की। साथ ही समाज में अविवाहित युवक-युवतियों के विवाह की समस्या को गंभीर बताते हुए सामाजिक संवाद के माध्यम से समाधान पर जोर दिया। उन्होंने प्री-वेडिंग फोटो सेशन को सामाजिक दृष्टिकोण से अनुचित बताते हुए अभिभावकों से इस पर मंथन करने और रोक लगाने की आवश्यकता जताई। इसके अलावा विवाह समारोहों में फिजूलखर्ची पर भी अंकुश लगाने की अपील की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 3 मई को दिल्ली में बैठक आयोजित होगी, जिसमें दानवीर भामाशाह की जयंती मनाने की रूपरेखा तय की जाएगी। वहीं 24 मई को आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बांदा में युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित होगा तथा 29-30 अगस्त को प्रयागराज के झूसी में राष्ट्रीय वैश्य महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज की राजनीतिक भूमिका पर चर्चा होगी।

विशिष्ट अतिथि अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि औरैया में जल्द ही जिला स्तरीय वैश्य समागम का भव्य आयोजन किया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष विपिन कुमार पोरवाल (बंटू) व जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे को पुरुष एवं महिला कमेटियों के गठन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला प्रभारी आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि शीघ्र ही जनपद भ्रमण कर कमेटियों का विस्तार किया जाएगा।

बैठक को नगर अध्यक्ष देवमुनि पोरवाल, कपिल गुप्ता, शिक्षक प्रदीप गुप्ता, महिला शाखा की जिलाध्यक्ष पूनम पुरवार सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने किया।

इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष पूनम पुरवार, नगर अध्यक्ष राधा आर्या, संगठन मंत्री श्वेता पोरवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन पोरवाल, अनिल गुप्ता, विष्णु गहोई, राम आसरे गुप्ता, लालजी अग्रवाल, अभिषेक पोरवाल, अमित गहोई, शिक्षक रविंद्र कुमार शिवहरे, संजय अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, शशिकांत पोरवाल सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story