मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचें, खेलकूद और पढ़ाई में संतुलन से निखरेगा भविष्य: अनुप्रिया पटेल
मीरजापुर, 29 मार्च (हि.स.)। लहगंपुर क्षेत्र के राजापुर स्थित संत आत्माराम पब्लिक स्कूल में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि स्कूली शिक्षा उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और पढ़ाई के साथ खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में केंद्रीयमंत्री से छात्रों ने बेझिझक सवाल पूछे, जिनमें मोबाइल का उपयोग प्रमुख रहा। इस पर उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सलाह मानना और समय का सही उपयोग करना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बच्चों को खेल मैदान में सक्रिय रहने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने की प्रेरणा दी, जिससे शारीरिक और मानसिक दोनों तरह का विकास हो सके।
छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामूहिक सोच, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का केंद्र भी है। पढ़ाई के साथ खेल व अन्य गतिविधियों में भागीदारी से व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव है।
विधायक रिंकी कोल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जो निरंतर निखर रही है। उन्होंने छात्राओं की प्रगति को सराहनीय बताते हुए उन्हें आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य राजकुमार पटेल ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर पटेल, रमाकांत पटेल, लाल बहादुर पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह यादव, सुरेंद्र पटेल सहित शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

