शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है प्रदेश सरकार : बृजेश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है प्रदेश सरकार : बृजेश सिंह


शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है प्रदेश सरकार : बृजेश सिंह


जौनपुर,01 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।अपने संबोधन में एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार और आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसका सकारात्मक परिणाम यह है कि उत्तर प्रदेश के विद्यार्थी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता, शिक्षकों तथा विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।वक्ताओं ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे छात्र-छात्राएं न केवल अपने परिवार, बल्कि जनपद, प्रदेश और राष्ट्र का भी गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और यह साबित करती हैं कि दृढ़ संकल्प एवं मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बीजेपी जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति एवं मछलीशहर ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यही छात्र भविष्य में चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे।जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद कौशल, निर्णय क्षमता, नेतृत्व गुण विकसित करने तथा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अभिव्यक्ति क्षमता बढ़ाने की सलाह दी।कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story