देवरिया में ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के तहत ‘बहू-बेटी अभियान’ में किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के तहत ‘बहू-बेटी अभियान’ में किया जागरूक


देवरिया में ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के तहत ‘बहू-बेटी अभियान’ में किया जागरूक


देवरिया, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलम्बन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को विशेष पहल “बहू-बेटी अभियान” व्यापक स्तर पर चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया।

अभियान के तहत विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। थाना रामपुर कारखाना की टीम ने धूस मोहल्ला, थाना तरकुलवा ने ग्राम बाराईपट्टी, थाना बघौचघाट ने ग्राम मलवाबर बनरही, थाना रूद्रपुर ने ग्राम तारासारा, थाना मदनपुर ने ग्राम मलपुरवा, थाना एकौना ने माझा नारायण, थाना सलेमपुर ने धनपुरवा, थाना लार ने धंधावार, थाना श्रीरामपुर ने नवादा और थाना बरहज की टीम ने श्रीराम घाट पर अभियान चलाकर महिलाओं को जागरूक किया।

कार्यक्रमों के दौरान परित्यक्ता, विधवा, तलाकशुदा एवं जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर बनने के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध जैसी समस्याओं के प्रति सतर्क रहने और उनसे बचाव के उपाय भी बताए गए।

मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर—112, 181, 1090, 102, 1076, 1098, 108 और 1930 की जानकारी दी। इसके अलावा निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए।

पुलिस अधिक्षक संजीव सुमन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक कर ,उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story