अनियंत्रित बस डिवाइडर से टकराई, 15 यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
अनियंत्रित बस डिवाइडर से टकराई, 15 यात्री घायल


गाजियाबाद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के गंग नहर के पास रविवार को रुड़की डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई तथा पलट गई। बस में 25 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 यात्री घायल हो गए। घायल लोगों को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौर के मीडिया प्रभारी ने बताया कि रविवार को रुड़की डिपो की एक बस यात्रियों को भरकर गंग नहर के पास से गुजर रही थी, तभी नमो रेल के पिलर संख्या 969 के पास बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस में 25 यात्री सवार थे, जिसमें 15 यात्री घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों में रहमान, रेहान, मुबारक, अकरम, जुबेर, इकबाल ,मुस्लिम, निजामुद्दीन, मनजीत आदि की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से बस को हटाकर यातायात को सुचारू रूप से चालू किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story