अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, दो युवकों की मौत


गाजियाबाद, 13 मई (हि.स.)। गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में मेरठ तिराहे पर मंगलवार की देर रात को एक तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार किशोर और युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मंगलवार की देर रात करीब एक बजे डायल-112 पीआरवी को मेरठ तिराहे पर सड़क हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई है और दो युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही सिहानी गेट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों युवकों को एमएमजी अस्पताल मे भर्ती करवाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बुधवार काे बताया कि मृतकों की पहचान विजयनगर सेक्टर-नौ निवासी 27 वर्षीय रवि और 16 वर्षीय राजीव के रूप में हुई है। राजीव मूलरूप से बिहार का रहने वाला था और यहां रहकर नौकरी करता था। दोनों युवक विजयनगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों मंगलवार रात ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन फैक्ट्री नहीं पहुंचे।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हादसे के समय दोनों युवक मेरठ की ओर से गाजियाबाद की तरफ आ रहे थे। बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। मेरठ तिराहे के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। पुलिस को घटनास्थल पर काफी दूरी तक घिसटने के निशान भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे के समय रवि और राजीव ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story