मामा के मजाक से आहत भांजे ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

मूली मांगी तो मामा ने थमा दिए पत्ते, बरीक्षा की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

बांदा, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मामा के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे भांजे को रिश्तेदारों के बीच किया गया मजाक इतना बुरा लगा कि वह बिना खाना खाए वहां से उठकर चला गया। कुछ देर बाद उसका शव पड़ोस के मकान के बाहर बल्ली से लटकता मिला। घटना की खबर मिलते ही मांगलिक कार्यक्रम की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव निवासी अभिषेक ने बताया कि उसका 25 वर्षीय चचेरा भाई रामजी सिंह पुत्र भोला सिंह कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव स्थित अपने मामा के घर गया था। सोमवार को उसके मामा अवधेश के पुत्र नेता का बरीक्षा कार्यक्रम था। रात में घर पर दावत चल रही थी। इसी दौरान रामजी भी खाना खाने बैठा। उसने अपने मामा से मूली मांगी तो मामा ने हंसी-मजाक में उसे मूली की जगह मूली के पत्ते थमा दिए। बताया जाता है कि वहां मौजूद रिश्तेदारों के बीच हुए इस मजाक से रामजी आहत हो गया। वह बिना खाना खाए ही वहां से उठकर चला गया।

परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद रामजी ने पड़ोस में रहने वाले धनराज के मकान के बाहर निकली लकड़ी की बल्ली में अगौछे का फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर बाद धनराज के घरवालों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसके मामा अवधेश को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अचानक हुई इस घटना से बरीक्षा समारोह की खुशियां पलभर में मातम में तब्दील हो गईं। मृतक के चचेरे भाई अभिषेक ने बताया कि रामजी अपने पिता की इकलौती संतान था। उसकी एक बहन है। वह सूरत में रहकर मजदूरी करता था और करीब एक माह पहले ही गांव आया था। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रामदुलारी बदहवास हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष कमासिन भरत कुमार ने मंगलवार को बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778866 Articles

Share this story