सड़क दुर्घटना में दूल्हे के फूफा की मौत, 10 बाराती घायल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना में दूल्हे के फूफा की मौत, 10 बाराती घायल


घटना से शादी के घर मातम, सादगी से रस्में करा कर विदा हुई दुल्हन

हमीरपुर, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दूल्हे के फूफा की मौत के बाद शादी की खुशियां पल भर में काफूर हो गई। घटना की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों में अफरा तफरी मच गई और शादी की रस्में सादगी के साथ संपन्न कराने के बाद मंगलवार को दुल्हन को विदा किया गया।

फतेहपुर जनपद के दतौली से बारात सिसोलर थानाक्षेत्र के ग्राम भैंसमारी जा रही थी। बारात की एक बोलेरो बांदा मार्ग पर सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा पारा के मध्य बरगदिया मोड पर अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस घटना में दूल्हा के फूफा पप्पू वर्मा (55) निवासी बिंदकी की मौत हो गई थी और 10 लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गई। बेहद सादगी के साथ शादी की रस्में संपन्न कराने के बाद दुल्हन को विदा किया गया। इस घटना में घायल अरविंद एवं सावन वर्मा की हालत अभी चिंताजनक बनी हुई है। अरविंद को सदर अस्पताल से कानपुर तथा कानपुर से लखनऊ रेफर किया गया है। जबकि सावन को मेडिकल कॉलेज बांदा में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों को सदर अस्पताल से ले जाकर फतेहपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरात भैंसमरी निवासी ओम प्रकाश वर्मा के यहां आई हुई थी। थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने मंगलवार काे बताया कि हादसे में एक व्यकित की मौत हुई है वहीं कई लोग घायल हुए है। हादसे की जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story