एकजुटता में हाेती है संगठन की ताकत : दयाकृष्ण कांडपाल
कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। द्विवार्षिक चुनाव संगठन की दिशा और मजबूती तय करते हैं। पारदर्शी प्रक्रिया और सर्वसम्मति से हुआ चयन यह दिखाता है कि सभी सदस्य एकजुट होकर संगठन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” यह बातें रविवार को कुशवाहा संघ, कानपुर के चुनाव अधिकारी दयाकृष्ण कांडपाल ने द्विवार्षिक चुनाव 2026 के दौरान कहीं।
कुशवाहा संघ, कानपुर के द्विवार्षिक चुनाव 2026 का आयोजन रविवार को आर्यनगर स्थित संघ कार्यालय में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा कराया गया। चुनाव अधिकारी कुशल सिंह बरसेंडा और दयाकृष्ण कांडपाल की देखरेख में पूरी कार्यवाही संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में संघ के सदस्य और कार्यकारिणी के लोग मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत के साथ ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई, जिसमें पदाधिकारियों के चयन को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद सभी पदों पर सर्वसम्मति से नाम तय किए गए। चुनाव में ललित मोहन पाठक को अध्यक्ष चुना गया। वहीं किशन सिंह बिष्ट और नवीन चंद्र पांडे को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुकेश सिंह राणा को मंत्री, दीपक जोशी को कोषाध्यक्ष और पूरन प्रकाश पांडे को संयुक्त मंत्री बनाया गया।
चुनाव के दौरान सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सभी ने मिलकर प्रक्रिया को शांतिपूर्वक पूरा कराया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा के बाद सदस्यों ने अपनी सहमति जताई और संगठन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना और गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। समाज से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ाने और संगठन को सक्रिय बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने की बात सामने आई। चुनाव अधिकारी दयाकृष्ण कांडपाल ने कहा कि संगठन की ताकत उसकी एकजुटता में है और इसी के बल पर आगे भी कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में बैठक का समापन किया गया। पूरी प्रक्रिया में अनुशासन और सहयोग देखने को मिला, जिससे चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

