रूपम पांडेय पांच साल के लिए संगठन से निष्कासित, कुंदन कुमार सिंह बने महामंत्री

WhatsApp Channel Join Now
रूपम पांडेय पांच साल के लिए संगठन से निष्कासित, कुंदन कुमार सिंह बने महामंत्री


उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ की जोनल कार्यसमिति की बैठक में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा निर्णय

प्रयागराज/झांसी, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ की जोनल कार्यसमिति की बैठक में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा निर्णय लिया गया। केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निलंबित महामंत्री रूपम पांडेय को संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच वर्ष के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। उनके स्थान पर संयुक्त मंत्री कुंदन कुमार सिंह को नया महामंत्री नियुक्त किया गया, जबकि संयुक्त मंत्री पद पर कार्यसमिति सदस्य बीना सिंह को नामित किया गया।

केंद्रीय अध्यक्ष ने शुक्रवार को झांसी में बताया कि 20 कार्यसमिति सदस्यों में से 16 सदस्य उपस्थित रहे। भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एवं रेलवे उद्योग प्रभारी अशोक कुमार शुक्ला, प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय, भारतीय रेलवे मजदूर संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री एवं उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के प्रभारी राधावल्लभ त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडे पर चर्चा के दौरान रूपम पांडेय के खिलाफ संगठन विरोधी गतिविधियों के संबंध में कार्रवाई पर विचार किया गया। प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय ने बताया कि 17 अगस्त को रूपम पांडेय को 15 दिन में स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद 31 अगस्त को सात दिन में जवाब देने के लिए अनुस्मारक भेजा गया, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।

संगठन के अनुसार, 16 अगस्त को गठित अनुशासन समिति की जांच रिपोर्ट में भी उनके खिलाफ संगठन विरोधी गतिविधियों की पुष्टि हुई। इसके बाद कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से उन्हें महामंत्री पद से दायित्वमुक्त करते हुए पांच वर्ष के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया।

बैठक में श्रमिक समस्याओं सहित अन्य संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कार्यकारी अध्यक्ष निर्भय सिंह, उपाध्यक्ष रूकमानंद पांडेय, मनोज कुमार झा, संयुक्त मंत्री बंशी बदन झा, कोषाध्यक्ष अजय सिंह समेत कार्यसमिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन कुंदन कुमार सिंह ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story