कारगिल विजय दिवस: राज्यपाल ने बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, वीर नारियों व पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
कारगिल विजय दिवस: राज्यपाल ने बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, वीर नारियों व पूर्व सैनिकों का किया सम्मान


देहरादून, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने रविवार को देहरादून के चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने बलिदानियों के परिजनों, वीर नारियों, गैलेंट्री अवार्ड प्राप्त सैनिकों तथा समाज और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।

राज्यपाल ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग, साहस और समर्पण पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य सफलता का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, संप्रभुता, अदम्य साहस और अटूट आत्मविश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने वीर नारियों और शहीद परिवारों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका धैर्य और आत्मबल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरा राष्ट्र, भारतीय सेना और सैनिक परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।

राज्यपाल ने कहा कि कारगिल युद्ध अत्यंत विषम परिस्थितियों में लड़ा गया, लेकिन दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों, प्रतिकूल मौसम और ऑक्सीजन की कमी के बावजूद भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की। उन्होंने नागरिकों से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और शहीद परिवारों के सम्मान व कल्याण के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जीओसी सब एरिया मेजर जनरल एम.पी.एस. गिल, सेना, नौसेना एवं वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी, जेसीओ, सैनिक, एनसीसी कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं, वीर नारियां, शहीदों की माताएं तथा पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story