एसआईआर: 19 लाख मतदाताओं को भेजे गए नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर: 19 लाख मतदाताओं को भेजे गए नोटिस


देहरादून, 05 अगस्त (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की समीक्षा की और विभिन्न बिंदुओं पर उनका फीडबैक लिया। अब तक लगभग 19 लाख नोटिस बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ स्तर पर ही दस्तावेजों के सत्यापन के बाद निस्तारण किया जाए, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 24 लाख नोटिसों के सापेक्ष अब तक लगभग 19 लाख (77 प्रतिशत) नोटिस बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब तक फार्म-6 के 93 हजार से अधिक, फार्म-7 के 1.39 लाख और फार्म-8 के 40 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। फार्म-7 के मामलों में ईआरओ और एईआरओ स्तर पर सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया में एक मतदाता अधिकतम पांच मामलों में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। इससे अधिक मामले आने पर ईआरओ स्वयं जांच और सत्यापन करेंगे। वहीं, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट एक दिन में अधिकतम 10 फार्म जमा कर सकते हैं तथा पुनरीक्षण अवधि में 30 फार्म प्रस्तुत होने पर ईआरओ स्वयं जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ स्तर पर ही दस्तावेजों का सत्यापन कर निस्तारण किया जाए। साथ ही जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उन मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए ईआरओ और एईआरओ स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में भाजपा से राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस से सूर्यकांत धस्माना और अमेन्द्र बिष्ट, बसपा से सतेंद्र चोपड़ा और जसपाल तथा माकपा से अनंत आकाश सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story