रुद्रप्रयाग में बोलेरो खाई में गिरी, चार लोगों की मौत, छह घायल

WhatsApp Channel Join Now
रुद्रप्रयाग में बोलेरो खाई में गिरी, चार लोगों की मौत, छह घायल


रुद्रप्रयाग, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में देररात एक बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में एक आठ वर्षीय बच्ची भी शामिल है। चार घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की मंगलवार सुबह नौ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, हादसा सोमवार रात करीब 9:15 बजे ऊखीमठ क्षेत्र के कण्डारा मोटर मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप हुआ। बोलेरो वाहन संख्या में कुल 10 लोग सवार थे। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ की ऊखीमठ टीम और 108 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन बचाव अभियान चलाया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया। इनमें लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा देवी (34) को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। अन्य दो घायलों की पहचान उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (58) के रूप में हुई है।

मृतकों की पहचान कुंवर सिंह (80), मदन सिंह (40), सूरज सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) के रूप में हुई है। इनमें तीन लोग ऊखीमठ क्षेत्र के रांसी और एक दैड़ा तथा गैढ़ (बस्ती) गांव का निवासी था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778323 Articles

Share this story