वाराणसी : खराब मौसम के बीच अर्बन रोपवे का ट्रायल, छात्र-छात्राएं देखकर हुए उत्साहित

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : खराब मौसम के बीच अर्बन रोपवे का ट्रायल, छात्र-छात्राएं देखकर हुए उत्साहित


वाराणसी, 25 सितम्बर (हि. स.)। वाराणसी में शुक्रवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं वाले खराब मौसम के बीच अर्बन रोपवे का ट्रायल किया गया और जिसे देखकर काशी के लोगों में खुशी और उम्मीद की लहर दौड़ गई। शहर के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर के निकट अर्बन रोपवे को हवा में लटक कर जाता हुआ देखकर छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई पड़ा।

काशी विद्यापीठ से जुड़े छात्रों आनंद और आशीष ने कहा कि अर्बन रोपवे देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। वह चाहते हैं कि जल्दी ही उन्हें भी रोपवे में बैठने का अवसर मिले। रोपवे में बैठकर वह मौसम का आनंद लेंगे, ऐसी उन्हें उम्मीद है। रोपवे के ट्रायल से इसके जल्द शुरू हो जाने की उम्मीद है। उनके मन में एक बार इसमें बैठने की इच्छा है।

पूर्व छात्र नेता मोनू गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में इस वर्ष के अंत तक रोपवे चलाने की बात की जा रही है। उन्हें भी रोपवे में बैठकर पूरा बनारस देखना है। इसके लिए वह चाहते हैं कि ट्रायल बंद हो, और रोपवे से आवागमन आरंभ हो जाए। उनकी यह भी इच्छा है कि वह अपने पूरे परिवार के साथ रोपवे में बैठे।

बता दें कि अर्बन रोपवे के ट्रायल को लगातार किया जा रहा है और इसे पूरी तरह से संचालित करने की तैयारी कर ली गई है। अक्टूबर माह के आखिर तक इसके संचालन के लिए तैयार होने का प्रशासन ने दावा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story