काशी तमिल संगमम के लिए पहुंचे छात्र प्रतिनिधि समूह का कुलपति और भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
वाराणसी, 27 नवम्बर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को साकार करने वाले ऐतिहासिक आयोजन 'काशी तमिल संगमम' के अंतर्गत तमिलनाडु से पधारे प्रथम छात्र प्रतिनिधि समूह का काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजीत चतुर्वेदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
शुक्रवार को रात्रि आठ बजे समूह के वाराणसी में आगमन पर भाजपा के महानगर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक उत्साह, पुष्पवर्षा और 'हर-हर महादेव' के उद्घोष के साथ तमिल अतिथियों का अभिनंदन किया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी और तमिलनाडु का संबंध सदियों पुराना, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में 'काशी तमिल संगमम' उत्तर और दक्षिण की इस गौरवशाली विरासत को और अधिक प्रगाढ़ कर रहा है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में तमिलनाडु के युवा छात्रों का स्वागत करना हमारे लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। ये युवा राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक एकता के सच्चे संवाहक हैं।
स्वागत करने वाले प्रमुख लोगों में विधायक सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा के महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, जगन्नाथ ओझा, अमित खरे, शोभनाथ मौर्य, हीरा यादव,मनोज भृगुवंशी, दीपक सेठ, सिंधु सोनकर, राजेंद्र शंकर सिंह पटेल, विनय सिंह,अवनीश श्रीवास्तव आदि रहे।
काशी की गौरवशाली 'अतिथि देवो भव:' परंपरा के अनुरूप ही काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति और सहयोगियों ने तमिलनाडु से आए डेलीगेशन का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर कुलपति ने स्वयं माला पहनकर स्वागत की परंपरा का निर्वहन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

