राहुल गांधी और अजय राय का पुतला दहन कर भाजपा नेताओं ने उठाई कार्रवाई की मांग
वाराणसी, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के राहुल गांधी और अजय राय का पुतला दहन किया। इस दाैरान कार्यकर्ताओं ने होश में आओ.... के नारे लगाए।
भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपनी भाषा शैली भूल कर अपराधियों जैसी बातें कर रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उनके ऊपर दर्ज मुकदमों की सच्चाई क्या है। उनकी भाषा ना सुनने में ना बोलने में अच्छी है। प्रधानमंत्री को कहे गए अपशब्दों को भाजपा के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम अजय राय के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हैं।
पुतला दहन के समय मौके पर उपस्थित भाजपा महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि देश के प्रधान सेवक के विरुद्ध अपशब्दों का प्रयोग करने वाले अजय राय एक बड़े अपराधी है। उनके विरुद्ध कानूनी रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।
महिला मोर्चा की नेता शालिनी यादव ने कहा कि राजनीति में अपशब्दों का उपयोग उचित नहीं है। फिर विश्व के महानतम नेताओं में शामिल नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अजय राय की भाषाशैली बिल्कुल ही माफ करने लायक नहीं है। हमारी मांग है कि उनके विरुद्ध शासन स्तर पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

