संकट के समय में जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं, घरों में बिजली के बेवजह उपकरणों को रखें बंद

WhatsApp Channel Join Now
संकट के समय में जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं, घरों में बिजली के बेवजह उपकरणों को रखें बंद


वाराणसी, 28 मई (हि. स.)। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शम्भु कुमार के निर्देश पर वाराणसी स्थित मुख्यालय से एक अपील जारी की गई। प्रबंध निदेशक की ओर से जारी अपील में वाराणसी सहित विभिन्न विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में उपभोक्ताओं से कहा गया कि इस समय भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग अपने रिकॉर्ड स्तर पर है। ऐसे में बिजली के उपकरणों और ट्रांसफार्मर को ओवरलोडिंग से बचाने तथा आपको बिना कटौती के लगातार बिजली की आपूर्ति देने के लिए बिजली विभाग आपसे सहयोग की अपील करता है। कृपया इस संकट के समय में एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं और घरों में बेवजह चल रहे बिजली के उपकरणों को तुरंत बंद करें।

प्रबंध निदेशक की ओर से आगे कहा गया कि विशेषकर शाम 6:00 बजे से रात 11:00 बजे के पीक ऑवर्स के दौरान घरों में वाटर पंप (मोटर), वाशिंग मशीन और हीटर जैसे भारी उपकरणों का उपयोग करने से बचें। यदि आपके घर में एक से अधिक एसी हैं, तो इस कठिन समय में केवल जरूरत के अनुसार ही उनका संचालन करें और अपने एसी का तापमान हमेशा 24 डिग्री से 26 डिग्री के बीच ही सेट रखें। ऐसा करने से न सिर्फ बिजली की खपत कम होगी और ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहेंगे, बल्कि आपके बिजली के बिल में भी भारी बचत होगी।

उन्होंने अपील में कहा कि याद रखें, आपका एक छोटा सा प्रयास पूरे क्षेत्र को बिजली संकट से बचा सकता है। आइए, बिजली की बचत कर इस भीषण गर्मी में ग्रिड को ओवरलोड होने से बचाएं और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने में विभाग का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story