काशी की धरती पर लगेगी महाराणा प्रताप की तीस फीट ऊंची प्रतिमा, भारत विकास परिषद के शिवा शाखा ने की तैयारी
वाराणसी, 28 मई (हि. स.)। वाराणसी के छावनी परिषद में महाराणा प्रताप की तीस फीट ऊंची प्रतिमा लगेगी। महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने के लिए भारत विकास परिषद ने शहर के विभिन्न स्कूलों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्य को सहयोग करने की अपील की है। भारत विकास परिषद की ओर से शिवा शाखा के पदाधिकारियों संयोजक श्रीनारायण खेमका और सह संयोजक प्रदीप चौरसिया ने प्रधानाचार्यों के साथ एक बैठक भी की है। बैठक में सह संयोजक प्रदीप चौरसिया ने कहा कि मुगल साम्राज्य के विरुद्ध शौर्य का परिचय देने वाले महाराणा प्रताप की एक विशाल प्रतिमा वाराणसी की धरती पर लगे और इसमें जन-जन की सहभागिता हो, इसके लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्य लोगों को हम मुहिम में जोड़ना चाहते हैं। आपसे अपील है कि हमारे इस कार्य में पूर्ण सहयोग करें।
निवेदिता बालिका इंटर कॉलेज में हुई बैठक में उपस्थित रहे वरिष्ठ शिक्षाविद डॉक्टर हरेंद्र राय ने कहा कि महाराणा प्रताप की मूर्ति काशी की धरती पर हम लगाएंगे, जिसमें बारह फीट का बेस बनेगा और 18 फीट की मूर्ति कुल 30 फीट की प्रतिमा बननी है। विद्यालयों के प्रधानाचार्य के माध्यम से बड़ी संख्या में हमारे विद्यार्थी इस कार्य में जुड़ेंगे और एक-एक घर तक महाराणा प्रताप का इतिहास हम पहुंचाएंगे। महाराणा प्रताप द्वारा खाई गई घास की रोटी, प्रताप के घोड़े चेतक का अनुभव और युद्ध क्षेत्र में शौर्य, यह सब हमारे विद्यार्थी जानेंगे। इसके लिए साहित्य वितरण भी किया जाएगा। काशी में महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने के कार्य में भारत विकास परिषद का हम सहयोग करने को तैयार है।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

