रंगोली प्रतियोगिता में विधायक सौरभ ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का किया अवलोकन, प्रतिभागियों को दिए सहभागिता प्रमाणपत्र

WhatsApp Channel Join Now
रंगोली प्रतियोगिता में विधायक सौरभ ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का किया अवलोकन, प्रतिभागियों को दिए सहभागिता प्रमाणपत्र


वाराणसी, 09 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत वारणसी में संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 05 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित रंगोली प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी के क्रम में शुक्रवार को विधायक वाराणसी कैण्ट सौरभ श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। विधायक ने प्रदर्शनी में विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा तैयार की गई रंग-बिरंगी आकर्षक कलाकृतियों का बारीकी से अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों की रचनात्मकता, कलात्मक कौशल एवं प्रयासों की सराहना की।

प्रतियोगिता के अंतर्गत वर्तमान में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लोगो को कलात्मक रूप में प्रदर्शित किया गया है। इन लोगो को साकार करने के लिए चावल एवं गेहूँ को विभिन्न रंगों में रंगकर उनका रचनात्मक उपयोग किया गया है। अनाज के दानों से तैयार की गई इन कलाकृतियों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं को आकर्षक एवं सहज रूप में प्रस्तुत किया गया है। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की सृजनात्मक प्रतिभा तथा कलात्मक अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस अवसर पर सौरभ श्रीवास्तव ने प्रतिभागी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों को बच्चों की प्रतिभा निखारने एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने में उपयोगी बताया।

सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की कला, कौशल एवं सृजनशीलता को मंच प्रदान कर रही है। यह आयोजन दिनांक 11 अक्टूबर तक संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story