गंगा और वरुणा नदियों के किनारे एडीलेडेड रोड के लिए जमीन बिक्री पर रोक, नागरिकों ने जाहिर की प्रसन्नता
वाराणसी, 18 जून (हि. स.)। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर गंगा और वरुणा नदियों के आसपास के गांवों और मोहल्ला काॅलोनियों की जमीनों की खरीद बिक्री पर रोक लगाए जाने पर काशी के नागरिकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया सामने आई है।एडीलेडेड रोड के निर्माण कार्य के लिए जमीन बिक्री पर लगी रोक से नागरिकों ने प्रसन्नता जाहिर की है तो वहीं विकास की परियोजनाओं को काशी के हित में बताया है।
वाराणसी में हुकुलगंज के पार्षद बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि उनके वार्ड हुकुलगंज में वरुणा नदी के किनारे बने मकानों की ज़मीन बिक्री पर रोक लगा दी गई है। वरुणा एडीलेडेड रोड बनाने की जिला प्रशासन की तैयारी है और यह विकास के क्षेत्र में एक नया काम होने जा रहा है। इसी तरह गंगा एडीलेडेड रोड परियोजना की मंज़ूरी भी हुई है। बनारस में इसके बाद जाम के झाम से आंशिक मुक्ति मिल जाएगी।
गंगा किनारे डोमरी गांव के पनारू यादव ने कहा कि डोमरी गांव जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है और यहां पर अभी रिकॉर्ड पौधे लगाने का काम हुआ है। यह बहुत ही पिछड़ा हुआ क्षेत्र हुआ करता था और अब यह नगर निगम की सीमा में आ गया है। इसके बाद इस क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। गंगा एडीलेडेड रोड बन जाने से यह क्षेत्र वीवीआईपी गतिविधियों का क्षेत्र हो जाएगा। अभी उनके क्षेत्र में सतुआ बाबा आश्रम और गंगा का किनारा ही देखने योग्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

