वाराणसी में गंगा के प्रमुख घाटों पर लोगों को सुरक्षित स्नान की मिल रही चेतावनी
वाराणसी, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में गुरुवार को भीषण गर्मी के कारण सुबह से ही गंगा नदी में नहाने वाले लोगों की भारी भीड़ रही। इस दौरान एहतियात के तौर पर जल पुलिस एवं एनडीआरफ की टीमें पूरी सतर्कता बरतते हुए दिखाई पड़ी। गंगा के किनारे प्रमुख घाटों पर नहा रहे लोगों को एनडीआरएफ के जवानों ने नदी में किनारे की ओर नहाने की चेतावनी दी।
इस दौरान अहिल्याबाई घाट पर गौदोलिया निवासी आशा देवी का नहाते समय पैर फसल गया और वह गंगा नदी में गिर गईं। यह देखते ही वहां खड़े
एनडीआरएफ जवान ने उन्हें खींचकर किनारे पहुंचाया। जान बचने पर महिला ने जवान का आभार जताया। महिला ने बताया कि आज वह अपने एक रिश्तेदार के साथ स्नान करने गई थी।
वाराणसी के दशाश्वमेध घाट, अहिल्याबाई घाट, केदार घाट, मान मंदिर घाट, अस्सी घाट, तुलसी घाट सहित प्रमुख घाटों पर सुबह छह बजे से अपराह्न 12 बजे तक स्नान करने वाले लोगों की भीड़ होने के कारण स्थानीय थानों के पुलिसकर्मियों और जल पुलिस के जवानों की ओर से भी पैदल ग्रस्त कर लोगों को सुरक्षित स्नान करने के लिए बार-बार अपील की जा रही है।
एनडीआरएफ के उप-महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण वाराणसी के घाटों पर स्नान करने वाले लोगों की भीड़ बढ़ी है। इसके लिए एनडीआरएफ जवानों को विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। स्नान करने वाले लोगों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। प्रतिदिन घाटों पर अंतराल के अनुसार, जवानों की ड्यूटी लगी हुई है। किसी भी स्थिति में किसी व्यक्ति को डूबने से बचाना हमारा मुख्य कर्तव्य है। हमारे जवान जागरूकता भी कर रहे, जिससे कोई दुर्घटना होने से रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

