किसानों, उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी : मनोज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
किसानों, उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी : मनोज सिंह


वाराणसी, 10 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी के नदेसर स्थित ताज होटल में व्हीट प्रोडक्ट प्रमोशन सोसाइटी एवं उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भारत के गेहूं, आटा एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों के राष्ट्रीय गोष्ठी के दूसरे दिन मुख्य अतिथि रहे उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और पूर्व आईएएस मनोज सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कृषि आधारित उद्योगों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार उद्योगों के लिए बेहतर अधोसंरचना, निवेश-अनुकूल वातावरण तथा आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। किसानों, उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से ही उत्तर प्रदेश कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में राष्ट्रीय नेतृत्व को और मजबूत करेगा।

इससे पहले दो दिवसीय गोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार, कृषि विशेषज्ञों, मौसम वैज्ञानिकों, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, फ्लोर मिलिंग, बेकरी उद्योग तथा देश के 21 से अधिक राज्यों एवं 80 से अधिक शहरों से आए उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लेकर गेहूं की संपूर्ण वैल्यू चेन को अधिक प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ एवं आधुनिक बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

गोष्ठी में उत्तर प्रदेश रोलर फ्लोर मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने मुख्य रूप से विषय बिंदु रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक राज्य होने के साथ-साथ रोलर फ्लोर मिलिंग उद्योग का भी प्रमुख केंद्र है। प्रदेश की फ्लोर मिलें किसानों, मंडियों, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही हैं तथा लाखों लोगों के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार का आधार हैं।

उन्होंने कहा कि गेहूं से प्राप्त ब्रान एवं अन्य उप-उत्पादों के बेहतर औद्योगिक उपयोग, गुणवत्ता मानकों के निर्धारण तथा कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना से उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और किसानों दोनों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कौशल विकास, उद्योग-अकादमिक सहयोग तथा नई तकनीकों के व्यापक उपयोग पर भी बल दिया।

गोष्ठी में प्रमुख रूप से कार्यक्रम संयोजक राज कपूर, आदिनारायण गुप्ता, प्रमोद वैश्य, मनोज बजाज, आकाश जालान, प्रमोद राव, श्याम सुंदर बजाज, मैक डोनाल्ड के सीसर सोर्स, आईटीसी के गौरव आनंद सहित अनेक मल्टीनेशनल कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story