उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर देख रहा है राजभर समाज : डॉ. राहुल राजभर
वाराणसी, 27 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में सारनाथ स्थित महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम में पहुंचें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के नवनियुक्त सह प्रभारी डॉ. राहुल राजभर ने कहा कि राजभर समाज अब सोच बदल कर पढ़ लिख रहा है। समाज के युवा बहुत समझदार हो गए हैं, वे भी चाहते हैं कि उनके जीवन में परिवर्तन हो। मैं अपने साथियों के साथ योजना बनाकर सामंतवाद के विरुद्ध कार्य कर रहा हूं। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राजभर समाज कांग्रेस की ओर देख रहा है।
वाराणसी में विकास पर डॉ. राहुल ने कहा कि वाराणसी में अब इतना ही विकास हुआ है कि यहाँ जमीनों पर माफिया कब्जा कर रहे हैं। किसान बेहाल और परेशान है। बनारस के गांव-गांव में ड्रग की खेप पहुंच रही है। किसी का इस पर ध्यान नहीं है। यह सब किसके सह पर चल रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए। और कुछ ज्यादा कहने के लिए नहीं है, अभी विकास की कहानी जैसे उल्टी गंगा बह रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

