वाराणसी में नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने संभाला कार्यभार


वाराणसी, 02 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में वाराणसी के नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने मंगलवार को अपने पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत डॉ. मुकेश कुमार ने जनपद में संचालित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा की। डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, नियमित टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया जाएगा।

डॉ मुकेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे, जिससे जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story