त्यागी ब्राह्मण समाज की महापंचायत में गूंजा आरक्षण का मुद्दा

WhatsApp Channel Join Now
त्यागी ब्राह्मण समाज की महापंचायत में गूंजा आरक्षण का मुद्दा


बागपत, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में त्यागी ब्राह्मण भूमिहार समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को जिले के बड़ागाँव में त्यागी ब्राह्मण समाज की महापंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और विभिन्न सामाजिक व शैक्षिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने समाज को संबोधित करते हुुुए अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “आरक्षण का आधार जाति नहीं बल्कि आर्थिक स्थिति होनी चाहिए, क्योंकि गरीबी किसी जाति को देखकर नहीं आती।” उनके इस बयान पर महापंचायत में मौजूद लोगों ने समर्थन जताया। इसके साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से आगामी चुनावों को लेकर एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के जो भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में हों, उन्हें पार्टी से ऊपर उठकर समर्थन दिया जाए, ताकि समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत हो सके।

महापंचायत के दौरान यूजीसी से जुड़े मुद्दों और आरक्षण नीति को लेकर भी समाज के लोगों ने अपनी नाराजगी जताई और इसे लेकर आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने शिक्षा और रोजगार में समान अवसर की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। सभी आयोजकों ने समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महापंचायत की अध्यक्षता वेदपाल शर्मा ने की, जबकि संचालन अतुलदेव शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजकों में ललित लम्बरदार, नरेश त्यागी (प्रधान), केके त्यागी, अमित त्यागी और सोनू त्यागी (पिलाना) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story