शटरिंग गिरने से दो मजदूर घायल, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
शटरिंग गिरने से दो मजदूर घायल, एक की मौत


नोएडा, 20 फ़रवरी (हि.स.)। थाना सेक्टर -113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में निर्माणाधीन एक मकान की शटरिंग गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर एक की मौत हो गई। एक ही हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह की मीडिया प्रभारी ने शुक्रवार काे बताया कि बीती रात को पुलिस को सूचना मिली कि सर्फाबाद गांव में रहने वाले वीरपाल के मकान का निर्माण हो रहा था, इसी बीच रात के समय बनाई जा रही शटरिंग गिर गई। इस घटना में मोहित पाल पुत्र सुखपाल उम्र 19 वर्ष निवासी जनपद हरदोई तथा जीतू पुत्र बाबूलाल निवासी धौलपुर राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान मोहित पाल की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों ने इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं दी है। अगर वे कोई शिकायत करते हैं तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story