देवरिया पुलिस ने दो वाहन चोरों को दबोचा, चार चोरी की बाइक बरामद
देवरिया, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के3 देवरिया जिले में महुआडीह थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
महुआडीह थाना पुलिस ने 3/4 जून की रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर टीला टाली के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया। उक्त बातें क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस लाइन सभागार में कही।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अविनाश गौड़ (22) निवासी जंगल बेलवा तथा रंकेश चौहान (20) निवासी बिशुनपुर मुरार, थाना महुआडीह के रूप में हुई। पुलिस ने उनके पास से एक चोरी की डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इनमें एक प्लेटिना, एक स्प्लेंडर प्रो और एक पैशन प्रो बाइक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बरामद डिस्कवर बाइक की चोरी के संबंध में दो जून को महुआडीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि स्प्लेंडर प्रो बाइक कुशीनगर के कसया बाजार से तथा प्लेटिना और पैशन प्रो बाइक जिला चिकित्सालय परिसर, देवरिया से चोरी की गई थीं। चोरी के बाद इन वाहनों को बेचने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी अविनाश गौड़ पर वाहन चोरी, फर्जीवाड़ा, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं रंकेश चौहान के खिलाफ इस मामले में पहला मुकदमा दर्ज हुआ है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार राय, उपनिरीक्षक प्रभात सिंह, कांस्टेबल सुभाष यादव, इमरान, प्रदीप बिंद और महिला कांस्टेबल आरती शामिल रहीं।
-------—----
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

