गंगा में नहाते समय दो किशोर लापता, तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोरों की टीम
मीरजापुर, 15 जून (हि.स.)। शहर कोतवाली क्षेत्र के फतहा घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहाने गए चार युवकों में से दो किशोर गहरे पानी में समा गए और लापता हो गए, जबकि स्थानीय लोगों की तत्परता से दो अन्य युवकों की जान बचा ली गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली और अन्य स्थानों से रिश्तेदार आए हुए थे। सोमवार को चार युवक गंगा स्नान के लिए फतहा घाट पहुंचे। स्नान के दौरान अचानक सभी युवक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे।
घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल साहस दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, 16 वर्षीय आरुष पुत्र फिरोज निवासी मीरजापुर तथा 17 वर्षीय नैति पुत्र राकेश निवासी दिल्ली गंगा की तेज धारा में बह गए और लापता हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों और स्थानीय मल्लाहों की मदद से गंगा में व्यापक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका।
इधर, लापता किशोरों की तलाश में अपेक्षित सफलता न मिलने से परिजनों का आक्रोश बढ़ गया। नाराज परिजन ने एसपी आवास के समीप सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और खोज अभियान तेज करने की मांग की। मौके पर पहुंचे शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर ओझा व अन्य अधिकारियों ने परिजन को समझाया और हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
पुलिस, गोताखोरों और राहत दल की टीमें देर रात तक गंगा में दोनों किशोरों की तलाश में जुटी रहीं। घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

