छोटी गंडक नदी में नहा रहे दो किशोरों की डूबने से मौत
देवरिया, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के थाना भाटपार रानी क्षेत्र में चनकी घाट छोटी गण्डक में रविवार को दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों लड़के छोटी गंडक नदी में नहा रहे थे, इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
मृतकों की पहचान बनकटा थाना क्षेत्र के कोठीलवा के रहने वाले अतुल कुशवाहा (लगभग 14 वर्ष) पुत्र राम सेवक और किशन गुप्ता (लगभग 12 वर्ष) पुत्र रजित के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि नदी या गहरे जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें। खासकर बच्चों पर निगरानी रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

