नदी में स्नान के दौरान दो किशोरियों की डूबकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
नदी में स्नान के दौरान दो किशोरियों की डूबकर मौत


नदी में स्नान के दौरान दो किशोरियों की डूबकर मौत


जौनपुर,19 जून (हि.स.)। जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक नदी में स्नान करने गई दो किशोरियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने का प्रयास कर रही एक अन्य किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

थाना क्षेत्र के नहोरा गांव के पनिहरियां पुरवा की छह सहेलियां शुक्रवार को करीब साढ़े 12 बजे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर शिव मंदिर के पास स्थित जालकपुर घाट पर स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान तीन किशोरियां नदी में बने गहरे गड्ढे की चपेट में आ गईं। इनमें पिंकी (16), शिवांगी (17) की मौके पर ही मौत हो गई। डूब रही सहेलियों को बचाने के प्रयास में गुंजा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल नेवढ़ियां स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के बगीचे में मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी से दोनों किशोरियों के शव बाहर निकाले।

सूचना पर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, स्नान करने गई अन्य सहेलियां आंचल (17) , ननका उर्फ अंजली (16) और दीपा सुरक्षित हैं।

ग्राम प्रधान त्रिषिराज यादव ने बताया कि हादसा नदी में बने गहरे गड्ढे में चले जाने के कारण हुआ। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।इस मामले में जानकारी लेने पर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि दोपहर में जानकारी मिली कि नदी में कुछ लड़कियां डूब गई है जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पहुंची शव को बाहर निकाल कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय भेजा गया है।अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story