गडरा नाले में नहाने गईं दो ममेरी फुफेरी मासूम बहनों की डूबकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
गडरा नाले में नहाने गईं दो ममेरी फुफेरी मासूम बहनों की डूबकर मौत


बांदा, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में गडरा नाले में नहाने गईं दो मासूम ममेरी फुफेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बालिकाएं नाले के किनारे पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में फिसलकर समा गईं। काफी देर तक बाहर न निकलने पर साथ खेल रहे बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, हस्तम गांव निवासी राधिका (8) पुत्री सरवन कुमार वर्मा अपनी ममेरी बहन अंशिका (9) पुत्री शिवशंकर वर्मा निवासी दिवली थाना नरैनी के साथ गांव के बाहर बह रहे गडरा नाले में नहाने गई थी। नहाते समय दोनों बहनें पास में पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में चली गईं और पानी में डूब गईं।

काफी देर तक दोनों के बाहर न आने पर राधिका के भाई-बहन अरुण और सोना दौड़कर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, दोनों बच्चियों को बाहर निकालकर सीएचसी अतर्रा ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

अंशिका दो भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर की थी तथा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। वह चार दिन पहले अपनी बुआ के घर हस्तम आई थी। वहीं राधिका भी दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर की थी। दोनों मासूमों की एक साथ मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल और घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। अंशिका की मां सपना और राधिका की मां मोनिया बेटियों के शव देखकर बार-बार बेहोश हो रही थीं।

मृतका राधिका के पिता सरवन कुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण के दौरान ठेकेदार ने नाले के किनारे गहरा गड्ढा खोदकर मिट्टी निकाल ली थी, लेकिन उसे समतल या सुरक्षित नहीं कराया। उनका कहना है कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण ही दोनों मासूमों की जान गई।

उधर, सूचना पर पहुंची बिसंडा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी अतर्रा सुश्री प्रतिज्ञा ने बताया कि दोनों बालिकाएं नहाते समय गहरे गड्ढे में चली गई थीं, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story