सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, पांच घायल
--सरिया लदे ट्रैक्टर से टकराई बाइक
हमीरपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमगांव स्थित अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय के पास एक सरिया लदी ट्रैक्टर ट्राली की भिडंत में शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो ग्रामीण व्यक्तियों की मौत हो गई। तथा ट्रैक्टर ट्राली के पलटने से उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतकों की पहचान हरिश्चंद्र मिश्रा 55 वर्षीय और मान बहादुर द्विवेदी निवासी ग्राम खेड़ा शिलाजीत थाना जरिया के रूप में हुई है। दोनों लोग बाइक पर सवार होकर अपने गांव खेड़ा शिलाजीत से राठ कस्बे के शारदा पैलेस विवाह घर में आयोजित एक शादी समारोह में जा रहे थे। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में बैंदो इटौरा गांव निवासी हरी सिंह 55 वर्षीय, मनोहर 42 वर्षीय , ठाकुरदीन 60 वर्षीय , चालक बालकिशन 30 वर्षीय और धांधू 60 बर्षीय शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार धांधू का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 के माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
राठ कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा ट्रैक्टर व चालक को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

