एमजीयूजी के दो स्वयंसेवकों का प्री रिपब्लिक डे परेड कैम्प में चयन
गोरखपुर, 4 नवंबर (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) की आर्यभट्ट इकाई की स्वयंसेविका सोनाली तिवारी एवं माता शबरी इकाई के स्वयंसेवक निखिल प्रकाश पाण्डेय का चयन भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड प्रशिक्षण शिविर (प्री रिपब्लिक डे परेड कैम्प) – 2026 हेतु हुआ है।
यह शिविर आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर, मध्य प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है। दोनों चयनित स्वयंसेवक मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर से ग्वालियर के लिए रवाना हुए। एमजीयूजी के फार्मेसी संकाय के प्रमुख डॉ. शशिकांत सिंह ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा है कि यह चयन विश्वविद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण पूर्वांचल क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। श्री गोरक्षनाथ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के प्राचार्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव, चिकित्सा विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. चंद्र शेखर मूर्ति, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अखिलेश कुमार दूबे, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रश्मि झा, डॉ. अमित उपाध्याय एवं अनिल कुमार पटेल आदि ने भी दोनों चयनित स्वयंसेवकों को बधाई दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

