लोडर-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
लोडर-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर


लोडर-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर


बिधूना-दिबियापुर मार्ग पर हुआ भीषण हादसा, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, चालक वाहन छोड़कर फरार

औरैया, 08 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना-दिबियापुर मार्ग पर भिखरा बिकूपुर बंबा के पास रविवार को लोडर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद लोडर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रूपपुर गांव निवासी वीनस कश्यप (32) पुत्र सुनील कुमार, छोटा जाटव (28) पुत्र रामप्रकाश और जितेंद्र (27) पुत्र संतोष एक ही बाइक पर सवार होकर रविवार दोपहर रामगढ़ की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। भिखरा बिकूपुर बंबा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वीनस और छोटा जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेजने की कार्रवाई शुरू की।

हादसे ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। वीनस अपने पीछे पत्नी नेहा, दो पुत्र अंश और आयुष तथा पुत्री आयुषी को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं छोटा जाटव की मौत से माता-पिता और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल जितेंद्र के परिवार में पत्नी रोशनी और एक छोटा बेटा है।

कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह ने बताया कि दो युवकों की मौत हुई है, जबकि तीसरे को सैफई रेफर किया गया है। फरार लोडर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774256 Articles

Share this story