सड़क हादसे में एक किशाेर एवं एक युवक की माैत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में एक किशाेर एवं एक युवक की माैत


हाथरस, 17 मार्च (हि.स.)। सादाबाद राया मार्ग स्थित गांव पल्हावत के निकट पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक किशोर और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से हुई इस टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊंचागांव निवासी नरेश उर्फ निनुआ (35) पुत्र लोकमन सिंह तथा कजरौठी निवासी मोनू कुमार (15) पुत्र सरन सिंह अपनी-अपनी मोटरसाइकिल से राया मार्ग पर जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन पल्हावत के निकट पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, अचानक आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन रो-रोकर बेहाल हो गये और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सरकारी एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद भिजवाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद प्रभारी नीचक विजय सिंह ने पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story