कानपुर : पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और किशोर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर : पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और किशोर की मौत


कानपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के फीलखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत पटकापुर स्थित पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में सोमवार को भीषण आग लग गयी। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाते हुए अपार्टमेंट में फंसे आठ लोगों का फायर कर्मियाें ने रेस्क्यू किया। इनमें चार लोग घायल थे। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।

घटना सकरी गली में बने अपार्टमेंट अपार्टमेंट में अचानक आग लगने से हुई। देखते ही देखते धुएं का काला गुबार फैलने लगा। आग की लपटें और धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। इससे इमारत में रहने वाले लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों की सूचना पर लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जांच के दौरान सामने आया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगी थी। इसके बाद आग सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। घटनास्थल के निरीक्षण में यह भी पाया गया कि करीब चार मीटर चौड़ी सड़क पर बनी पांच से छह मंजिला इमारत में पर्याप्त आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं थी।

जिला अस्पताल उर्सला के डॉक्टर शुभम जैन ने बताया कि अग्निकांड में चार घायलों को अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे में वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्डी टूट गई है, जबकि किशोर की मां नीता करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। दोनों घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराकर जिम्मेदार बिल्डर और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता कर ऐसी अनधिकृत और असुरक्षित इमारतों को चिह्नित करने के लिए संयुक्त अभियान चलाने, उन्हें सील करने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी असुरक्षित इमारतों में संपत्ति खरीदने से बचें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777848 Articles

Share this story