लखनऊ अग्निकांड में कानपुर के दो युवकों की मौत, शव घर पहुंचते ही मचा काेहराम

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ अग्निकांड में कानपुर के दो युवकों की मौत, शव घर पहुंचते ही मचा काेहराम


कानपुर, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में साेमवार काे हुए भीषण अग्निकांड ने कानपुर के दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दाे दाेस्त आग की भेंट चढ़ गए। मंगलवार को जैसे ही दोनों युवकों के शव शहर पहुंचे, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घरों के बाहर रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य एक-दूसरे को ढांढस बंधाते नजर आए।

हादसे में गोविंद नगर ब्लॉक-11 निवासी संयम विज (28) और बर्रा निवासी सूरजभान सिंह (25) की मौत हुई है। दोनों लखनऊ के अलीगंज स्थित एक एनीमेशन स्टूडियो में कार्यरत थे। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई थी और वे कई वर्षों से एक ही कंपनी में अपनी सेवाएं दे रहे थे। परिजनों के अनुसार दोनों लड़को ने इंटरमीडिएट के बाद एनीमेशन का प्रशिक्षण लिया था और बाद में एक ही संस्थान से करियर की शुरुआत की थी। नौकरी के सिलसिले में दोनों लखनऊ में रह रहे थे। सोमवार को स्टूडियो में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसकी चपेट में आने से दोनों की जान चली गई।

सूरजभान के परिवार पर यह दूसरा बड़ा संकट है। परिजनों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसके पिता की भी आग लगने की एक घटना में मौत हो गई थी। परिवार उस दुख से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटे की मौत ने उन्हें फिर से शोक में डुबो दिया। वहीं संयम विज के परिवार में भी कुछ दिन पहले उनकी दादी का निधन हुआ था। मंगलवार को तेरहवीं का कार्यक्रम प्रस्तावित था। परिवार के लोग कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे थे, तभी हादसे की सूचना ने पूरे घर को गम में डुबो दिया। परिजन बताते हैं कि संयम तेरहवीं में शामिल होने के लिए आने वाला था।

शव कानपुर पहुंचने के बाद दोनों परिवारों के घरों पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। मृतकों के परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर भी हादसे के कारणों की जांच जारी है। वहीं शहर में दोनों युवकों की असमय मौत को लेकर शोक की लहर बनी हुई है। उनके मित्रों और परिचितों का कहना है कि दोनों अपने व्यवहार और मेहनत के कारण सभी के बीच लोकप्रिय थे। अब उनके निधन से परिवारों के साथ-साथ मित्रों में भी गहरा दुख है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story