तिलक समारोह में चली गोली, दो लोग घायल; एक की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर

WhatsApp Channel Join Now
तिलक समारोह में चली गोली, दो लोग घायल; एक की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर


तिलक समारोह में चली गोली, दो लोग घायल; एक की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर


जौनपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के चक इंग्लिश गांव में तिलक समारोह के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

थाना अंतर्गत क इंग्लिश गांव निवासी अमला प्रसाद चौहान के पुत्र दीपक चौहान का तिलक समारोह आयोजित था। समारोह में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव से लोग शामिल होने आए थे। इसी दौरान विकास सोनी नामक व्यक्ति के पास मौजूद असलहे से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से सुरेश यादव पुत्र शीतला यादव निवासी जमुआ, थाना सिकरारा के सिर में चोट आई, जबकि गडहुर गांव के ग्राम प्रधान साहब लाल यादव की नाक के पास से गोली छूकर निकल गई।

घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सुरेश यादव की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, जबकि ग्राम प्रधान साहब लाल यादव की हालत सामान्य है। घटना के बाद गोली चलाने का आरोपित विकास सोनी मौके से फरार हो गया।

घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि 29 नवंबर को चक इंग्लिश गांव में एक व्यक्ति को गोली लगने तथा दूसरे व्यक्ति की नाक के पास से गोली छूकर निकलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल सुरेश यादव को तत्काल वाराणसी रेफर कराया गया, जबकि दूसरे घायल की स्थिति सामान्य है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव से कुछ लोग तिलक समारोह में शामिल होने चक इंग्लिश आए थे। इसी दौरान विकास सोनी द्वारा गोली चलाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के कारणों के संबंध में अभी किसी ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। थानाध्यक्ष सिकरारा को सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने और अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785544 Articles

Share this story