प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो होटल सीज
गोरखपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जनपद के थाना गीडा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे होटलों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होटलों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई अवैध सराय, ढाबा और होटलों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। और
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन में उपजिलाधिकारी सहजनवां केशरी नंदन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गीडा कीर्ति निधि आनन्द, तहसीलदार सहजनवां राकेश कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पाण्डेय अपनी टीम के साथ जांच/निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान होटल यूनिक पैलेस और बिना बोर्ड के संचालित होटल डीएस पैलेस में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान दोनों होटलों के मैनेजरों ने प्रशासनिक टीम के साथ असहयोग किया। होटल परिसर के आसपास भारी गंदगी पाई गई तथा किसी भी होटल में अग्निशमन यंत्र नहीं लगे थे। साथ ही फायर सर्विस की ओर से कोई एनओसी भी प्राप्त नहीं थी।
जब होटल संचालकों से आवश्यक कागजात और लाइसेंस मांगे गए तो वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए दोनों होटलों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
इसके अलावा दोनों होटल मैनेजरों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में शामिल टीम
उपजिलाधिकारी केशरी नंदन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कीर्ति निधि आनन्द, तहसीलदार राकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय, उपनिरीक्षक अमरेश कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक सुन्दरी साह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

